एमबीबीएस छात्र ने होस्टल के कमरे में लगाया फंदा
कई दिनों से गुमसुम रहता था, किसी से नहीं करता था बात
दिखाई न देने पर छात्रों ने कमरा खटखटाया तो लटका दिखा शव
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। डीएमसीएच में एमबीबीएस के छात्र ने संदिग्ध हालात में होस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता रविवार की दोपहर बाद लगा जब वह शनिवार से बाहर नहीं निकला तो उसके साथी छात्र उसे देखने गए। अंदर से दरवाजा बंद था। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर छात्र का शव लटक रहा था। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर मोहन लाल पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक इशान डिप्रेशन में था। उसके पिताजी नवांशहर के डॉ. राजेश भाटिया हर संडे अपने बेटे से मिलने आते थे। इस रविवार को जब वे आए तो उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली।
पुलिस ने जांच के बाद नवांशहर के रंजीत नगर निवासी इशान भाटिया (19) का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार ईशान ने 2016 में डीएमसी अस्पताल में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया था। पिछले कुछ दिनों से वह परेशान चल रहा था। न तो वह अपने दोस्तों और सहपाठियों से बात करता था और न ही परिजनों से खुल कर बात कर पा रहा था। काफी गुमसुम रहता था और ज्यादातर समय अपने हास्टल के कमरे में ही बिताता था। पिछले कुछ दिनों से उसकी मुलाकात अपने दोस्तों के साथ सिर्फ खाने पर ही हो रही थी।
खाना खाने के बाद वह फिर से कमरे में चला जाता था। शनिवार को वह खाने पर नहीं आया तो दोस्तों ने सोचा कि वह घर चला गया होगा। रविवार की शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला तो उसके साथी कमरे में देखने गए तो कमरा अंदर से बंद था। किसी तरह से कमरा खोला तो अंदर ईशान के शव लटक रहा था। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ईशान के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।