बठिंडा। विजिलेंस टीम ने सेल्स एंड टैक्सेशन विभाग के इंस्पेक्टर को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस के एसएसपी अखिल चौधरी ने बताया कि विजिलेंस ब्यूरो यूनिट फरीदकोट के डीएसपी अश्वनी कुमार की अगुवाई में टीम ने ट्रैप लगाकर सेल्स एंड टैक्सेशन विभाग कोटकपूरा में तैनात इंस्पेक्टर जसपाल हांडा को रिश्वत के साथ काबू किया है। एसएसपी अखिल चौधरी ने बताया कि शिकायतकर्ता अंकुर गर्ग उर्फ विक्की ने विजिलेंस विभाग के पास शिकायत की थी कि उसकी जीडीएस ट्रेडिंग कंपनी स्क्रैप की फर्म कोटकपूरा में है। इसकी जांच के लिए कई बार इंस्पेक्टर जसपाल हांडा गया था। इंस्पेक्टर कहता था कि तुम बिलों में काम कम दिखाकर सरकार का टैक्स चोरी करते हो और बिना बिल स्क्रैप ट्रकों में भरकर भेजते हो। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि कुछ दिन पहले इंस्पेक्टर जसपाल हांडा ने उसकी फर्म पर आकर रिकार्ड चैक कर उसे कई गुना ज्यादा जुर्माना लगाने की धमकी दी थी। जब शिकायतकर्ता ने इंस्पेक्टर की मिन्नतें की तो इंस्पेक्टर हांडा 25 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया था।
एसएसपी ने बताया कि शिकायतकर्ता की फर्म का काम ठीक होने के बावजूद इंस्पेक्टर धमकियां देकर बार बार रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता अंकुर गर्ग ने विजिलेंस की फरीदकोट यूनिट के डीएसपी अश्वनी कुमार के पास अपना बयान दर्ज करवाया जिसके आधार पर डीएसपी ने सरकारी गवाहों की हाजिरी में ट्रैप लगाकर आरोपी इंस्पेक्टर जसपाल हांडा को शिकायतकर्ता के पास से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते मौके से गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने आरोपी इंस्पेक्टर पर थाना विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा में भ्रष्टाचार एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।