बाघापुराना (मोगा)। थाना बाघापुराना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक ट्रक से 540 पेटियां शराब मार्का हरियाणा बरामद की है। मौके पर ट्रक चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके खिलाफ शराब तस्करी का केस दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे डीएसपी बाघापुराना जसपाल सिंह धामी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हरियाणा से शराब की बड़ी खेप मोगा जिले के जरिए फाजिल्का ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहले से आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप लगा रखा था। इसी दौरान बुधवार दोपहर को जब पुलिस टीम गांव फूलेवाला के पास नाकाबंदी पर मौजूद थी तो वहां से गुजर रहे ट्रक नंबर पीबी 29-8372 को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोक लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस ने ट्रक से तीन तरह की 540 पेटियां अवैध शराब मार्का हरियाणा बरामद कर ली। वहीं मौके पर ट्रक चालक एवं ट्रक के मालिक सतनाम सिंह और उसके साथी सुखवंत सिंह वासी सलामे वाला (फाजिल्का) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बाघापुराना में आबकारी एक्ट के अधीन केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं प्राथमिक जांच के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी कई बार हरियाणा से सस्ती शराब लाकर फाजिल्का जिले में बेच चुके हैं।