लुधियाना। न्यू सुंदर नगर इलाके में बुधवार की देर रात करीब 11 बजे पुरानी रंजिश के चलते वार्ड नंबर 31 के अकाली नेता संदीप शुक्ला ने साथियों के साथ मिल रेहड़ी चालक को पीट दिया। इतना ही नहीं आरोपी उनके साथ मारपीट कर पैसे भी छीन कर फरार हो गए। थाना डाबा की पुलिस ने सुंदर नगर निवासी रामा शंकर की शिकायत पर संदीप शुक्ला और उसके साथियों पर मारपीट, लूटपाट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में रामा शंकर ने बताया वह सुंदर नगर चौक में अंडे की रेहड़ी लगाता है। बुधवार की रात वह अपनी रेहड़ी पर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी संदीप शुक्ला रेहड़ी पर आ पहुंचा, जिसके पास देसी कट्टा भी था। संदीप शुक्ला के साथ उसके करीब कई साथी भी मौजूद थे। आरोपी संदीप ने पुरानी रंजिश के चलते रेहड़ी का सामान तोड़ दिया और उसने मारपीट कर घायल कर दिया। जाते हुए वह धमकियां देकर रामा शंकर से करीब 12 सौ रुपये छीन कर फरार हो गया। रेहड़ी चालक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच कर पुलिस ने संदीप शुक्ला और उसके साथियों पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अभी फरार है उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर से मिले अकाली नेता
संदीप शुक्ला पर दर्ज मामले को परिवार और अकाली नेताओं ने धक्केशाही बताया है। संदीप शुक्ला की पत्नी आरती ने बताया कि इलाके में उसके पति का अच्छा प्रभाव देखकर अकाली दल ने उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लिया था। पिछले महीने अकाली दल में शामिल हुए संदीप शुक्ला पार्टी के लिए प्रचार कर रहे थे। आरती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता उन्हें अकाली दल छोड़ कांग्रेस में आने के लिए दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने जवाब दे दिया तो अब उसके पति को झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के दौरान सभी ने बात बताई गई हैं। पुलिस कमिश्नर ने उन्हें जांच का आश्वासन दिया है।