आरोपी के दो साथी घटनास्थल से फरार, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। धांधरा बाईपास के पास स्थित उमरी चौक के नजदीक रास्ते में रोक हथियार दिखाकर युवक से मोबाइल और नकदी लूटने वाले आरोपी को लोगों ने काबू कर लिया। उसके दो साथी फरार होने में कामयाब हो गए। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी थाना दुगरी पुलिस को दी। पुलिस ने एलआईजी निवासी निरोतम सिंह की शिकायत पर एसबीएस नगर निवासी अजय और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी अजय से पूछताछ कर उसके साथियों का पता लगाने में जुटी है।
निरोतम सिंह की ओर से पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक वह और उसका दोस्त रोहित सोमवार शाम को बाइक से किसी काम से जा रहे थे। जब वह ऊमनी चौक के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार तीन आरोपी आए। उन्होंने हथियारों के बल पर बाइक रुकवा कर रोहित से मोबाइल और दो हजार रुपये लूट लिए। जब रोहित और निरोतम ने शोर मचाया तो आरोपी फरार होने लगेे। आरोपी अजय को तो लोगों ने काबू कर लिया जबकि दो फरार होने में कामयाब हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दे आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी अजय से पूछताछ की जा रही है। उसके साथियों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।