दलित नेता के नाम पर फैक्टरी मालिकों से वसूली
जो पैसे नहीं देता तो उसकी दुकान या फैक्टरी के आगे कूड़ा फेंकने की देते थे धमकियां
थाना डिवीजन आठ की पुलिस आरोपी युवकों का पता लगाने में जुटी है
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। दलित नेता और मंदिर बनाने के नाम पर फैक्टरी मालिकों और दुकानदारों से जबरन वसूली का मामला सामने आया है। अगर कोई फैक्टरी मालिक या दुकानदार पैसे नहीं देता था तो पहले उसे दलित नेता अश्वनी सहोता की धमकियां दी जाती थी। उसके बाद दुकानदार को उनकी दुकान के आगे कूड़ा फेंकने की धमकी दी जाती थी। जब दलित नेता अश्वनी सहोता को उनके नाम पर जबरन वसूली के बारे में पता चला तो वह हैरान हो गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना डिविजन आठ की पुलिस ने अश्वनी सहोता की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
एएसआई गुरदियाल सिंह ने बताया कि दलित नेता अश्वनी सहोता नगर निगम में भी बतौर चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर तैनात हैं। महानगर के अलग अलग इलाकों में कुछ युवक फैक्टरी मालिकों और दुकानदारों से कहते थे कि अश्वनी सहोता ने पैसे देने के लिए कहा है। एक मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके लिए उन्होंने ज्यादा से ज्यादा पैसे देने की बात कही है। कुछ फैक्टरी मालिक अश्वनी सहोता के जानकार थे और उन्होंने दलित नेता को फोन कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ऐसे किसी युवकों को भेजने की बात से इंकार किया। अश्वनी सहोता ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। एएसआई गुरदियाल सिंह ने कहा कि पुलिस आरोपियों के काफी नजदीक है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-0-विकास मल्होत्रा, 3 जून