पुलिस नाकाबंदी देख नशीला पाउडर फेंक तस्कर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। नशा तस्कर की सूचना मिलने के बाद लगाई गई नाकाबंदी को देखकर तस्कर नशीला पाउडर फेंककर फरार हो गया। थाना शिमलापुरी की पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी का काफी दूर तक पीछा किया। लेकिन आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने नाकाबंदी के पास से 250 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में न्यू जनता नगर स्थित दुर्गा नगर निवासी अमृतपाल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
जांच अधिकारी एएसआई रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नशा तस्करी का आदी है। वह नशीला पाउडर सप्लाई करने के लिए आ रहा है। जिसके बाद पुलिस ने शिमलापुरी के करतार चौक के पास नाकाबंदी कर दी। पुलिस नाकाबंदी को देखकर आरोपी घबरा गया। वह हाथ में पकड़ा लिफाफा फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। लेकिन आरोपी पुलिस पार्टी को चकमा देने में कामयाब हो गया। एएसआई रंजीत सिंह ने बताया कि आरोपी का पता लगा उसे गिरफ्तार करने के लिए घर में छापामारी की गई थी। लेकिन आरोपी घर में नहीं मिला। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।