सूफी गायक पर महिला ने बहन से शादी करने का दबाव डाला
शादी से मना करने पर परिवार सहित जान से मरवाने की दी धमकी
सूफी सिंगर के साथ काम कर चुकी है महिला
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बहन से शादी करने से मना करने पर बस्ती जोधेवाल के लक्ष्मी नगर इलाके में रहने वाले सूफी सिंगर लेखराज को उसके साथ गाने में काम कर चुकी महिला ने धमकियां दी हैं। इतना ही नहीं महिला ने उसके साथ उसके परिवार को जान से मरवाने की भी धमकियां दी। जिसके बाद लेखराज ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने जांच के बाद लेखराज की शिकायत पर नई दिल्ली स्थित पंचशील गार्डन निवासी किरण चतुर्वेदी के खिलाफ धमकाने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।
लेखराज ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह सूफी सिंगर है और उसने आरोपी महिला के साथ एक गाना गाया था। इस दौरान आरोपी महिला ने उसे कहना शुरू कर दिया कि वह अपनी बहन की शादी उससे कराना चाहती है। आरोपी महिला के कई बार कहने पर लेखराज ने साफ तौर पर मना कर दिया कि वह उससे शादी नहीं करेगा। जिसके बाद महिला ने उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दी। थाना बस्ती जोधेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरबिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी महिला फरार है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम दिल्ली रवाना कर दी जाएगी।