चार आरोपियों ने दुगरी इलाके में दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने आरोपियों के स्कैच करवाए तैयार, की जा रही है जांच
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। दुगरी के ज्ञान विद्या मंदिर के पास चार लुटेरे मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक को घेरकर गन प्वाइंट पर 20 हजार रुपये और बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। जब तक युवक कुछ कर पाता आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए थे। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर थाना दुगरी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गांव मानकवाल के रहने वाले रमनदीप सिंह की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रमनदीप सिंह ने बताया कि वह पक्खोवाल रोड स्थित कैफे कॉफी डे में काम करता है। उसकी दो महीने की सैलरी किसी कारणवश रुकी हुई थी। मंगलवार को उसे दो महीने की 20 हजार रुपये सैलरी मिली थी। वह अपने बाइक पर किसी काम से जा रहा था। जब वह ज्ञान विद्या मंदिर के पास पहुंचा तो एक ही बाइक पर सवार चार युवकों ने उसे रोक लिया। एक आरोपी ने उसके बाइक पर टांग मार बाइक गिरा दिया जबकि दूसरा उतरा और उसने कनपट्टी पर पिस्तौल तान दी। तीसरे आरोपी ने तेजधार हथियार उसकी गर्दन पर रख दिया। आरोपियों ने उसकी जेब में पड़े बीस हजार और मोबाइल छीन लिया। आरोपी पैसे और मोबाइल लूटने के बाद बाइक भी लेकर फरार हो गए। रमनदीप ने काफी शोर मचाया लेकिन आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। रमनदीप ने किसी व्यक्ति से फोन लेकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना दुगरी की इंचार्ज आईपीएस डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि आरोपियों के बारे में अभी कुछ पता नहीं चला है। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज चेक की जा रही है। पीड़ित से पूछताछ के आधार पर आरोपियों के स्कैच भी तैयार करवाए गए हैं। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।