दवा लेने जा रहे युवक को पीटा, मामला दर्ज
आरोपियों का पता लगाने में जुटी है थाना सलेम टाबरी की पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
घर से एक्टिवा पर दवाई लेने जा रहे एक युवक को शिवपुरी के पास तीन युवकों ने घेरकर उसके साथ मारपीट की और सामान लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने युवक से उसका मोबाइल फोन, एक्टिवा की चाबी, पर्स छीन लिया। जाते हुए आरोपियों ने उसके सिर पर लाठी से वार कर बुरी तरह से घायल कर दिया। जब तक पीड़ित कुछ कर पाता आरोपी फरार हो गए थे। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिवपुरी निवासी संजय की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
संजय के मुताबिक वह शिवपुरी इलाके में ही घर के बाहर करियाने की दुकान करता है। वीरवार रात साढ़े दस बजे वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर दवाई लेने के लिए गया था। घर के पास ही तीन युवकों ने गली में उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसे काबू कर उसके पास रखा मोबाइल और एक्टिवा की चाबी व अन्य सामान छीन लिया। उसके बाद आरोपियों ने उसे पीटा और फरार हो गए। उसने काफी दूर तक आरोपियों का पीछा किया लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि काफी अंधेरा होने की वजह से वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कुछ कैद नहीं हो पाया है। आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।