लुधियाना। बेटी के साथ एक्टिवा से किसी काम से जा रही चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32 निवासी पूनम शर्मा को बाइक सवार युवक-युवती ने थाना डिवीजन सात के पास लूट लिया। आरोपियों ने महिला को पहले तेजधार हथियार दिखाया और फिर गले में पहनी चेन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने तीन दिन की जांच के बाद पूनम शर्मा की शिकायत पर अज्ञात युवक-युवती के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने बताया कि 18 मई को वह अपनी बेटी के साथ एक्टिवा से किसी काम से जा रही थी। जब दोनों ग्रीन स्कूल के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार युवक-युवती आ गए। उन्होंने एक्टिवा को घेर लिया और तेजधार हथियार की नोक पर चेन छीनकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह पर लूट हुई है उस जगह से थाना तो कुछ दूरी पर है ही साथ ही आरटीओ दफ्तर की तरफ से बनाए जाने वाले ड्राइविंग लाइसेंस का ट्रैक भी है। जहां सैकड़ों लोग हमेशा खड़े रहते हैं। एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपियों का अभी कुछ पता नहीं चला है। सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।