संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। इलेक्ट्राॅनिक दुकान चलाने वाले कारोबारी ने ट्रेन के नीचे आकर खुदकुशी कर ली। ट्रेन के ड्राइवर ने घटना के बारे में स्टेशन मास्टर को सूचित किया, जिसके बाद जीआरपी ने आकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान न्यू शिवाजी नगर निवासी अमित पठानिया के रूप में हुई। वह भगवान चौक के पास इलेक्ट्रानिक सामान की दुकान चलाता था।
अमित के भाई संजय पठानिया ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कारोबार मंदा होने की वजह से अमित काफी परेशान था। वह बीमार होने के कारण दुकान पर भी नहीं जा रहा था। उसके कुछ मोबाइल कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटरों से अच्छे संबंध थे और उनके साथ पैसों का लेनदेन भी था, लेकिन दुकान बंद रहने के कारण आसपास के दुकानदारों ने डिस्ट्रीब्यूटरों को बोल दिया कि अमित देनदारी की वजह से दुकान छोड़कर भाग गया और अब वह वापस नहीं आएगा।
उसने स्वास्थ्य ठीक होने के कुछ दिन बाद दुकान खोली तो डिस्ट्रीब्यूटर आकर तंग करने लगे। इस वजह से अमित मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। इसी परेशानी के चलते वह दुकान पर जाने की बात बोलकर घर से निकला और ढडारी स्टेशन के पास जाकर चलती ट्रेन के आगे कूद गया। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।