लुधियाना। महानगर की नौलखा कॉलोनी में शनिवार देर रात दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक पर बाइक सवारों ने गोलियां चला दीं। आरोपियों ने वारदात को अंजाम थाना डिविजन-3 से 50 मीटर दूरी पर दिया। चार से पांच गोलियां चलीं, जिनमें से एक युवक को जा लगी। पेट में गोली लगने से युवक घायल हो गया। उसे दोस्तों ने सीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया है।
युवक की पहचान नौलखा कॉलोनी निवासी कार्तिक के रूप में हुई है। कार्तिक ने हाल ही में 12वीं कक्षा के पेपर दिए हैं। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन-3 की पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने घायल से पूछताछ की। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि गोली चलाने वाले आरोपियों ने वारदात को अंजाम देकर जेल में बैठे शुभम अरोड़ा उर्फ मोटा को इसकी जानकारी दी और वीडियो कॉल से सारा घटनास्थल दिखाया।
थाना डिविजन-3 पुलिस ने कांग्रेसी नेता शुभम अरोड़ा उर्फ मोटा, उसके साथी रिशव बैनीपाल के साथ साथ करण वालिया, दिक्षित टंडन, निक्क ओबराय, बिल्ला बारी, विषु कैंथ सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जेल में बंद कांग्रेसी नेता शुभम अरोड़ा उर्फ मोटा और उसके साथियों को लुधियाना की सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी शुरू कर दी है।
कार्तिक के पिता क्रांति ने बताया कि उनके बेटे के दोस्त का किसी के साथ झगड़ा हुआ था। उस झगड़े में उनका बेटा शामिल नहीं था। झगड़ा होने के बाद वह उनके साथ कहीं घूमने गया था। दूसरे गुट को लगा कि कार्तिक उनके साथ शामिल था। वह परिवार सहित समागम में हिस्सा लेने के लिए गया था, लेकिन कुछ देर बाद उनका बेटा अपने दोस्तों के साथ घूमने निकल गया। घूमता हुआ जैसे ही वह बैंजमिन रोड नौलखा कॉलोनी के पास पहुंचा तो कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर आए और उनके बेटे पर गोलियां चला दीं।
प्रोडक्शन वारंट पर लाए जाएंगे आरोपी
थाना डिविजन-3 के एसएचओ सुखदेव सिंह ने बताया कि परिवार वालों के अनुसार शुभम मोटा के कहने पर ही आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। कुछ खोल बरामद किए गए हैं। परिवार वालों के ब्यान दर्ज कर शुभम मोटा, रिशव बैनीपाल सहित अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। जेल में बंद आरोपियों को जल्द प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।