बठिंडा। तलवंडी साबो में वीरवार को कांग्रेस के नेता खुशबाज सिंह जटाणा की रखी गई एक जनसभा में अचानक गोली चलने से जनसभा स्थल पर अफरा तफरी मच गई। अचानक चली गोली से दरबारा सिंह और पूर्ण सिंह नामक व्यक्ति गंभीर घायल हो गए, जिनको उपचार के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं मौके पर पहुंची तलवंडी पुलिस थाना की टीम ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार तलवंडी साबो में स्थित गुरू कांशी कालेज रोड पर कांग्रेस के नेता खुशबाज सिंह जटाणा की एक जनसभा रखी गई थी। इस जनसभा में जब खुशबाज सिंह जटाणा पहुंचे और सभा को संबोधन करना शुरू किया तो अचानक जनसभा स्थल में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जनसभा में मौजूद लोगों के अंदर डर पैदा हो गया और अफरा तफरी मच गई। इस अचानक चली गोली के कारण जनसभा में मौजूद दरबार सिंह एवं पूर्ण सिंह को छर्रे लगे जिससे वे दोनों गंभीर घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को पहले सिविल अस्पताल तलवंडी साबो पहुंचाया जहां से उन्हें डाक्टरों ने बठिंडा के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। तलवंडी साबो के डीएसपी जसवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक पुलिस जांच में उक्त जनसभा के दौरान अचानक गोली चलने की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस उक्त मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।