सोमवार की रात खाना खाने के बाद पत्नी के साथ सैर पर निकले हरबंसपुरा निवासी अमित गांधी की बाबा थान सिंह चौक के नजदीक बाइक सवार दो युवकों ने 12 तोला सोने के चेन लूट ली। भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार फरार होने में कामयाब हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अमित गांधी की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
अमित गांधी की शिकायत के मुताबिक वह खाना खाने के बाद सोमवार की रात को पत्नी सहित सैर करने के लिए गया था। सैर करने के बाद जब वह वापस आ रहे थे बाबा थान सिंह चौक के नजदीक पीछे से दो बाइक सवारों ने गले में पहनी हुई चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। अमित के अनुसार चेन 12 तोला सोने की थी । जांच अधिकारी एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि अभी तक आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। इसके अलावा पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने में जुटी है, ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।