लुधियाना। दोस्त के साथ स्कूटर पर घर जा रहे एक नाबालिग छात्र पर कार सवारों ने कार चढ़ाने की कोशिश कर हत्या का प्रयास किया। हालांकि जब आरोपियों ने टक्कर मारी तो वह और उसका साथी घायल हो गए। उन्होंने किसी तरह से इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद थाना दुगरी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल दाखिल कराया गया। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। थाना दुगरी पुलिस ने इस मामले में प्रथम, जस, अंगद मान, हर्ष घुमन तथा उनके 8 अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। पुलिस ने यह मामला पक्खोवाल रोड के विशाल नगर निवासी जसविंदर सिंह वड़ैच की शिकायत पर दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के पास दर्ज कराए ब्यान के मुताबिक 28 फरवरी की दोपहर 12.30 बजे उसका बेटा हिम्मतबीर सिंह (17) स्कूल से बाहर निकला तो आरोपियों ने अपनी करोला कार को तेजी से बैक करते हुए उस पर चढ़ाने का प्रयास किया। बाद में उसके बेटे के साथ हाथापाई की। जब उसका बेटा न्यू टैगोर नगर निवासी अपने दोस्त स्पर्श के साथ उसके स्कूटर पर घर लौट रहा था तो फ्लावर चौक के पास आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से अपनी दो गाड़ियों के बीच में लेकर स्कूटर को टक्कर मार
दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। जांच अधिकारी एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।