जगरांव। टोक्यो ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने वाली एथलीट कमलप्रीत कौर और उनकी कोच राखी त्यागी के सम्मान में बुधवार जस्सोवाल कुलार गांव स्थित हार्वेस्ट इंटरनेशनल स्कूल और हार्वेस्ट टेनिस अकादमी में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कमलप्रीत कौर ने टोक्यो ओलंपिक गेम्स की वुमन डिस्कस थ्रो स्पर्धा के फाइनल में छठा स्थान प्राप्त किया था। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा के बाद कमलप्रीत कौर ही थी जिसने एथलेटिक की किसी स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाकर देश का नाम रोशन किया। समारोह के दौरान स्कूल के संस्थापक हरविंदर सिंह सरां की तरफ से कमलप्रीत कौर को 10 लाख रुपये और उनकी कोच राखी त्यागी को ढाई लाख रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा दोनों को विक्ट्री शील्ड और बुके भी दिए गए। समारोह में मौजूद कमलप्रीत कौर की मां राजिंदर कौर, बहन हरजोत कौर और भाई सतिंदर सिंह को भी स्कूल प्रबंधन की तरफ से सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कमलप्रीत कौर ने कहा कि देश के लिए ओलंपिक खेलना गौरव की बात है लेकिन मेडल न मिलने का दुख भी है। देश ने उन्हें जो सम्मान दिया है उसने भविष्य के लिए नई राह और भरोसा दिया है। वह जिस गांव में पैदा हुई वहां लड़कियों के खेलने को बुरा माना जाता था, लेकिन उसके माता-पिता, भाई और बहन ने उसे पूरा सहयोग दिया। हालांकि सामाजिक हालात के कारण उसे खेल मैदान तक आने में काफी वक्त लग गया था। गांव में लड़कियों के लिए आज भी खेल मैदान तक आने के लिए माहौल खुशगवार नहीं है। इस सोच को बदलना होगा, तभी भविष्य में देश और मेडल जीत सकेगा। समारोह को पूर्व आईएएस अधिकारी हरदीपक सिंह, पूर्व डीआईजी गुरदीप सिंह ने भी संबोधित किया।