पुलिस ने आरोपी समेत अज्ञात पर दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। शहर के मोहल्ला अजीत नगर में एक घर में बने माता चिंतपूर्णी मंदिर को बंद करवाने के नाम पर आरोपी ने अपने साथियों संग मिलकर धावा बोल दिया। आरोपियों ने महिला की गर्दन पर तलवार रखकर कहा कि मंदिर चलाना है तो उन्हें पैसा देना होगा। वरना उसे व उसके बच्चे को जान से मार दिया जाएगा।
जान बचाने के लिए महिला ने आरोपियों को 30 हजार नकद और 10 हजार गूगल पे करके अपनी जान बचाई। इसके बाद महिला ने मोहल्ला निवासियों संग मिलकर थाना सिटी में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद आरोपी समेत उसके साथियों पर थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान इकवाल सिंह निवासी डल्ला रोड कोठे राहला जगरांव व अज्ञात के रूप में हुई है।
थाना सिटी के एसआई कुलविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला सुखविंदर कौर निवासी गली नंबर एक मोहल्ला अजीत नगर जगरांव ने पुलिस को दर्ज कार्रवाई शिकायत में कहा कि उनके रिहायशी घर के साथ ही उनका एक और घर है, जहां पर उन्होंने चिंतपूर्णी मंदिर बनाया हुआ है। जहां पर मोहल्ला निवासियों समेत शहर भर से लोग माथा टेकने के लिए आते हैं। कुछ दिन पहले शाम के समय वह अपने छोटे बेटे के साथ घर पर थी। इसी दौरान हाथों में तलवारें लिए कुछ पगड़ीधारी उनके घर में घुस आए और कहने लगे आप ने घर पर माता का मंदिर क्यों बनाया है। इस मंदिर को बंद करवाना है, अगर बंद नहीं करना चाहते तो पैसे दे। इस दौरान जब उसने पैसे देने से इन्कार किया तो आरोपी और उसके साथी ने अपनी तलवार निकालकर उसकी गर्दन पर रखकर 50 हजार रुपये मांगने शुरू कर दिए। वे कहने लगे पैसे न देने पर उसे और उसके बेटे को मौत के घाट उतार दिया जाएगा। पीड़ित महिला ने बताया कि उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए कहा कि उसका पति घर नहीं है। उसके आने के बाद वह पैसे दे देंगे। इसके बाद आरोपी हथियारों समेत उसके घर से चला गया, लेकिन अगले दिन सुबह ही आरोपी उनके घर पर आकर फिर से तलवार निकालकर कहने लगा कि वह पैसे लेने आया है। उन्होंने डरते हुए आरोपी को 30 हजार रुपये नकद दे दिए, लेकिन आरोपी उन्हें डरा धमकाकर और पैसे मांगने लगा तो उसके बेटे ने डरते हुए 10 हजार रुपये आरोपी के गूगल पे खाते में भेज दिए। उन्होंने आरोपी को 40 हजार देकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी धमकियां देता हुआ उनके घर से चला गया, लेकिन अब फिर आरोपी उन्हें डरा धमकाकर 20 हजार रुपये और मांग रहा है। पैसे न देने पर आरोपी जान से मारने की धमकियां दे रहा है। पुलिस ने शिकायत मिलते ही आरोपी पर कार्रवाई करते हुए थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया है।