अब तक 30 से 40 प्रतिशत फसल ही मंडी में पहुंची, अभी 60, 70 प्रतिशत फसल की कटाई बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
खन्ना। एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना में लिफ्टिंग न होने के कारण धान के अंबार लगने जारी है, जिस वजह से आने वाले दिनों में किसानों की मुश्किलें और बढ़ने वाली है, मंडी में फसल रखने तक की जगह नहीं है, जबकि अभी तक 30 से 40% ही फसल ही मंडी में पहुंची है।
इसमें से 35 प्रतिशत खरीद एजेंसी द्वारा खरीद कर बोरियों में भर दिया गया, जो मंडी में ही पड़ी है, सिर्फ पांच प्रतिशत फसल ही खुले में पड़ी है जो किसी वजह से खरीद नहीं हुई, अभी 60- 70 प्रतिशत फसल की कटाई अभी बाकी है, मंडी में मौजूद किसान हरदीप सिंह का कहना है कि हम अपनी फसल की कटाई तब तक नहीं करेंगे, जब तक मंडी में पड़ी फसल लिफ्ट नहीं हो सकती, उन्होंने आगे कहा कि अगर इस दौरान मौसम ने करवट बदली तो इसका जिम्मेदार कौन होगा, सरकार या विभाग क्यों इन दोनों की लापरवाही के कारण ही आज यह समस्या पैदा हुई। पंजाब में कितनी ही सरकारी आई चाहे वह कांग्रेस हो अकाली दल हो हमें कभी भी इस तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा, उन्होंने कहा हमें ऐसा लग रहा है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार केंद्र सरकार के साथ तालमेल नहीं बना रही, जिसका खामियाजा किसान व आढ़ती को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा सरकार व विभाग इस बार किसान की दीपावली मंडी में मनाने की तैयारी कर रहा है, उन्होंने कहा कि अगर एशिया की सबसे बड़ी मंडी खन्ना में लिफ्टिंग का यह हाल है, तो पंजाब की अन्य मंडियों का क्या हाल होगा।
वहीं, इस संबंध में जब हमने एफसीआई इंस्पेक्टर हरभजन सिंह से बात की और उन्हें बताया कि लिफ्टिंग न होने के कारण मंडी का हाल पहले से भी ज्यादा बुरा हो चुका है, धान के अंबार लगने जारी हैं, इस पर जवाब देते हुए इंस्पेक्टर ने कहा ऐसी कोई बात नहीं है लिफ्टिंग हो रही है, परंतु फोटो व वीडियो जमीनी हकीकत बता रही है कि प्रशासन झूठ बोल रहा है।