लुधियाना। तेजधार हथियार की नोक पर रिक्शा चालक को डरा धमका कर मारपीट करने के बाद बाइक सवार दो लुटेरों ने रेहड़े पर रखे दो पार्सल लूट लिए और फरार हो गए। जब रिक्शा चालक ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने धमकियां दी और उसका मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। इसकी सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में जालंधर बाइपास के रहने वाले पुंड्रीक मिश्रा की शिकायत पर दीपक सिनेमा रोड स्थित नाली मोहल्ला निवासी अर्जुन और काला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुंड्रीक मिश्रा 24 फरवरी को अपने रिक्शा पर बांसल इंटडरप्राइजेज से माल लोड कर एसी मार्केट से रेखी सिनेमा रोड पर जा रहा था। वह लक्कड़ पुल पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट कर उसे धमकियां दी और कपड़ों से भरे दो पार्सल लूट कर फरार हो गए। जाते हुए आरोपी पुंड्रीक मिश्रा का मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। पुंड्रीक ने किसी तरह से इसकी जानकारी पुलिस को दी। यह सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।