संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। जाली इमीग्रेशन और आइलेट्स सेंटर खोलकर भोले भाले लोगों को विदेश भेजने का झांसा दे लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक एजेंट के खिलाफ थाना डिवीजन आठ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी ने पैसे लेने के बाद पीड़िता को न तो विदेश भेजा और उसके न ही पैसे वापिस किए। सिविल लाइन स्थित नानकपुरा निवासी कुमार वरिंदर की शिकायत पर पीडब्ल्यू कॉलोनी निवासी विवेक कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कुमार वरिंदर द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक वह विदेश जाकर सेटल होना चाहता था तो उसकी मुलाकात आरोपी विवेक कुमार के साथ हुई। आरोपी ने उसे कनाडा भेजने का झांसा दिया। आरोपी ने उससे 35 लाख रुपये ले लिए। जाली इमीग्रेशन और आइलेट्स सेंटर खोल कर आरोपी ने पैसे तो ले लिए, लेकिन बाद में जब विदेश भेजने का समय आया तो आरोपी ने टाल मटोल शुरु कर दी। जिसके बाद आरोपी ने न तो पैसे वापिस दिए और न ही विदेश भेजा। उल्टा उसे धमकियां देने लगा। कुमार वरिंदर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।