हादसे के बाद जेसीबी और सामान छोड़कर भागी ठेकेदार लेबर
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। लुधियाना में धूरी लाइन के दोहरीकरण के लिए चल रही खोदाई के दौरान मंगलवार शाम 2 मकान जमींदोज हो गए। जेसीबी की कंपन से पटरी के नजदीक स्थित मकान अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरे। मकान गिरते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इलाका निवासियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किए और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
धूरी लाइन की दोहरीकरण परियोजना के तहत पटरी के साथ कंक्रीट की दीवार बनाने के लिए खोदाई का कार्य चल रहा था। मिट्टी खिसकने की वजह से अचानक कई मकानों के दरारें आ गईं। देखते ही देखते 2 मकान का जमींदोज हो गए और घरों के अंदर रखा सामान भी मलबे के नीचे दब गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान घर के अंदर एक युवक ही मौजूद था, जोकि इमारत गिरने के बाद मलबे में फंस गया और उसे लोगों ने मलबा हटाकर बाहर निकाला। इलाका निवासियों ने पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान जेसीबी का चालक और ठेकेदार की लेबर अपनी मशीनरी व सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए।
वहीं, क्षतिग्रस्त मकान के मालिक रोहताश कुमार ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की गलती की वजह से उसका करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हो गया। रेलवे विभाग और पुलिस के अधिकारी देर शाम तक मामले की जांच में जुटे हुए थे।