संगरूर। धूरी शूगर मिल से 74 करोड़ 46 लाख रुपये की अदायगी की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रत्याशी केवल सिंह ढिल्लो का विरोध करने जा रहे गन्ना संघर्ष कमेटी के नेतृत्व में किसानों को पुलिस ने भवानीगढ़ में बालद कैचियां पर रोक लिया। इससे गुस्साए किसानों ने बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
संघर्ष कमेटी के नेता अवतार सिंह तारी, हरिंदर सिंह कहेरू, हरजीत सिंह बुगरा, सरबजीत सिंह अलाल और दर्शन सिंह माझी ने कहा कि गन्ना मिल धूरी की ओर से चौदह दिन बाद अदायगी देनी होती ह।पांच महीने बीतने के बावजूद किसानों के गन्ने की अदायगी अभी तक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि धूरी में संघर्ष के दौरान हलका विधायक दलवीर सिंह गोल्डी ने किसानों को भरोसा देकर धरना समाप्त करवाया था। इसके बाद डीसी संगरूर ने गन्ने की अदायगी दिलाने का भरोसा दिलाया था। अब किसानों को अदायगी के लिए टालमटोल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक गन्ने की अदायगी नहीं होगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।