मक्कड़ कालोनी व सम्राट कालोनी में फैला डायरिया
सेहत विभाग ने लगाया कैंप, 86 मरीजों की जांच
नौ मरीज सिविल अस्पताल में किए गए रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
औद्योगिक नगरी के ग्यासपुरा इलाके में मक्कड़ कालोनी एवं सम्राट कालोनी में डायरिया फैल गया है। सूचना मिलते ही सेहत विभाग हरकत में आया और प्रभावित इलाके में माहिर डाक्टरों की देखरेख में मेडिकल कैंप लगाया गया। इलाके से पांच पानी के नमूने भर कर जांच के लिए लैब भेजे गए। कैंप में 86 लोगों की जांच कर दवाएं दी गईं। नौ मरीजों को सिविल अस्पताल में रेफर किया गया। इनमें छह वयस्क एवं तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें एक तीन माह के बच्चे की तबीयत अधिक खराब है।
इलाके के लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से पीने के लिए गंदे पानी की आपूर्ति की जा रही थी। इसी के चलते ही इलाके में डायरिया के मरीज सामने आ रहे हैं। एकदम से कई मरीज सामने आन से ही सेहत विभाग की परेशानी बढ़ गई। जिला मलेरिया अफसर डा. रमेश भगत का कहना है कि सेहत विभाग की टीमों ने इलाके के 1975 घरों का दौरा करके लोगों को जागरूक किया। लोगों को पंफलेट बांटे गए। इसके अलावा बैठकें करके उन्हेंआवश्यक सावधानियां रखनेे की सलाह की गई। पानी में डालने के लिए क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं।
डा. रमेश ने कहा कि इस संबंध में नगर निगम को भी सूचित किया गया है। प्रभावित इलाके में पानी की आपूर्ति बंद कर टैंकरों से पानी सप्लाई किया जा रहा है। इलाके से पानी के पांच सैंपल भरे गए हैं। जांच के लिए लैबोरेटरी में भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे आंकलन किया जाएगा। कैंप में साहनेवाल से आए डा. गौरव जैन एवं उनकी टीम ने मरीजों की जांच कर उनका इलाज किया। जिला मलेरिया अफसर का दावा है कि अब स्थिति नियंत्रण में है।