सराभा नगर स्थित ब्यूटी पार्लर में शादी के लिए तैयार होने आई युवती पर हुए तेजाबी हमले के बीस दिन बाद जिंदगी और मौत से लड़ते हुए मुंबई के अस्पताल में हरप्रीत की मौत हो गई।
रविवार को हरप्रीत के चाचा व उसे इंसाफ दिलाने के लिए बनाई गई हरप्रीत कौर एसिड एक्शन कमेटी के सदस्यों के साथ लुधियाना आए और पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर निर्मल सिंह ढिल्लों से मुलाकात की।
इस दौरान उनके साथ एसएसपी बरनाला भूपिंदर सिंह भी मौजूद थे। कमेटी के सदस्यों ने हरप्रीत की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों का केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की।
कमेटी के सदस्य एवं हरप्रीत के चाचा सुरिंदर सिंह, दविंदर सिंह फरीदकोटिया और गुरजीत सिंह के साथ 11 सदस्य मौजूद थे। पीड़ित हरप्रीत को बचाने की कोशिश करने पर परिजनों ने लुधियाना पुलिस का धन्यवाद किया।
साथ ही उन्होंने अपील की है कि सभी आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। इस मामले में पुलिस कमिश्नर ईश्वर सिंह ढिल्लों ने कहा कि हरप्रीत कौर एक्शन कमेटी के सदस्यों को पूरा इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया गया है।
कमिश्नर ने कहा कि पुलिस जांच में जुटी हुई है और सारे सुबूत इकट्ठा कर आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।