शेखावत ने बताया पंजाब सरकार की असफलता
सिद्धू मूसेवाला के कत्ल कांड मामले को लेकर परिवार के साथ दुख सांझा करने के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गायक मूसेवाला की सिक्योरिटी हटाना गलत है। सरकार बुरी तरह फेल हो चुकी है और पंजाब में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रही। उन्होंने कहा कि जब पंजाब आतंकवाद के दौर में था तो उस समय जो डर व भय पंजाब के लोग महसूस कर रहे थे, आज सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद लोगों के मनों में फिर से वही डर पैदा हो गया है।
सिद्धू मूसेवाला के पिता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र
इस दौरान मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने न्याय की मांग करते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत से कहा कि यह पंजाब सरकार की असफलता है। अगर खतरे की संभावना को देखते हुए सुरक्षा का ध्यान रखा जाता तो यह घटना ना घटती। सुरक्षा हटाने की लिस्ट सार्वजनिक करने से गैंगस्टरों को मदद मिली है।
मूसेवाला के पिता ने इस कत्ल कांड को लेकर देश के गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और इसकी केंद्रीय एजेंसी से जांच करवाने की मांग की है। इस दौरान पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अरविंद खन्ना, दयाल दास सोढ़ी, भाजपा के जिलाध्यक्ष मक्खन लाल, पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार गोयल, जिले के सीनियर उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह कटौदिया, राकेश कुमार जैन बुढलाडा, प्रदीप कुमार कटौदिया व अन्य नेता उपस्थित थे।
मूसेवाला की मौत पंजाब का घाटा: सुखबीर
पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मूसेवाला को पंजाबियों का प्रसिद्ध कलाकार बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कलाकार का जाना पंजाब के लिए बहुत बड़ा घाटा है जिसको कभी भी पूरा नहीं किया जा सकता। इस दौरान सुखबीर बादल भावुक नजर आए। बलविंदर सिंह भूंदड़ ने मूसेवाला को पंजाब का मान, नेक दिल व बढ़िया कलाकार बताया। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में बड़ा नाम कमाने वाला मूसेवाला सदा हमारे दिलों में बसता रहेगा। हरसिमरत कौर बादल ने मूसेवाला की मां चरण कौर को गले लगाकर ढांढस बंधाया।
पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल ने कहा कि पंजाब की कानून व्यवस्था बलि चढ़ गई है। एक कलाकार के राज में कलाकार की मौत सरकार के माथे पर कलंक है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी खोखली पब्लिसिटी में लगी हुई है। पंजाब के जो आज हालात हैं, उसके लिए सीधे तौर पर पंजाब सरकार जिम्मेदार है। भट्ठल ने कहा कि पंजाब को बचाने के लिए विभिन्न पार्टियों में बैठे अच्छे लोगों को आगे आना चाहिए।
ये नेता भी पहुंचे मूसा
यूथ अकाली दल पंजाब के अध्यक्ष परमबंस सिंह बंटी रोमाणा, पूर्व विधायक कंवलजीत सिंह रोजी बरकंदी, शिरोमणि अकाली दल जिला फिरोजपुर के अध्यक्ष बरदेव सिंह नोनी मान, यूथ अकाली दल लुधियाना से सीनियर नेता प्रभजोत सिंह, पूर्व विधायक दिलराज सिंह भूंदड़, जिलाध्यक्ष गुरमेल सिंह फफड़ेभाईके, हलका मानसा के इंचार्ज प्रेम कुमार अरोड़ा, यूथ के जिलाध्यक्ष शहरी गुरप्रीत सिंह चहल, यूथ के जिलाध्यक्ष दिहाती गुरदीप सिंह टोडरपुर, एसओआई के रोबिन बराड़, विनरजीत सिंह गोल्डी, प्रधान व्यापार मंडल मानसा हनीष कुमार हनी, यूथ नेता रेशम सिंह बनांवाली, नगर कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष आत्मजीत सिंह काला, गोल्डी गांधी, जुगराज सिंह राजू दराका, पूर्व चेयरमैन शरणजीत सिंह मूस्सा, अकाली नेता गुरविंद्र सिंह तलवंडी अकलिया, पूर्व विधायक अजीत इंद्र सिंह मोफर, चेयरमैन सुरेश कुमार नंदगढ़िया, जिलाध्यक्ष अर्शदीप सिंह माइकल गागोवाल, प्रधान मनदीप सिंह गोरा, हरप्रीत सिंह बहणीवाल व सरपंच अमन गुरवीर सिंह भी गायक के निधन पर शोक जताने पहुंचे।
विभिन्न जत्थेबंदियां व नेताओं ने जताया दुख
सिद्धू मूसेवाला के कत्ल को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप, पंजाब किसान यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष रूलदू सिंह, आम आदमी के गुरप्रीत सिंह भुच्चर, ‘आप’ ट्रांसपोर्ट विंग जिला मानसा के अध्यक्ष रेशम सिंह ख्याला, किसान नेता सतनाम सिंह बहिरू ने परिवार के साथ दुख सांझा किया। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की मौत को एक बड़ा घाटा बताते कहा कि सिद्धू मूसेवाला केवल अपने मां-बाप का नहीं बल्कि पंजाब का बेटा था।