फरीदकोट के गांव दीप सिंह वाला में नौजवान व कोच के नहर में डूबने की घटना के बाद जुटे ग्रामीण
- फोटो : FARIDKOT
फरीदकोट/फिरोजपुर। गांव दीप सिंह वाला में सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षण शिविर के दौरान गंग कैनाल नहर में तैरने का अभ्यास कर रहा एक युवक पानी में डूब गया। उसे बचाने के लिए कूदा कोच भी तेज बहाव के कारण पानी में बह गया। ग्रामीणों की तरफ से दोनों की तलाश की जा रही है और जानकारी के बाद थाना सादिक पुलिस ने भी मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सादिक के गांव दीप सिंह वाला में सेना भर्ती के लिए युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए पिछले एक सप्ताह से शिविर चलाया जा रहा था जिसका संचालन कोटकपूरा निवासी मनिंदर सिंह नामक व्यक्ति कर रहा था। वीरवार को शिविर में शामिल युवकों को गांव से गुजरती गंग कैनाल नहर में तैरने का अभ्यास करवाया जा रहा था। इसी अभ्यास के दौरान गांव दीप सिंह वाला के अर्श उर्फ लाडी नामक युवक ने पानी के तेज बहाव के कारण संतुलन खो दिया और वह पानी में डूब गया। दूसरे युवकों के शोर मचाने पर उसे बचाने के लिए कोच मनिंदर सिंह ने भी नहर में छलांग लगाई लेकिन उसे बचाने की कोशिश करते वह भी पानी में बह गया। गांव के सरपंच श्याम लाल बजाज समेत शिविर में शामिल संगराहूर के युवक जर्मनजीत सिंह व जसकरण सिंह ने बताया कि कोच मनिंदर सिंह सुबह से ही युवाओं को नहर पर प्रशिक्षण दे रहा था। इनमें से कुछ युवकों ने तैरने का अभ्यास शुरू किया लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण युवक घबरा गए। इसके बाद कोच मनिंदर सिंह खुद भी नहर में कूदे और एक-एक करके युवाओं को पेड़ के साथ बांधी रस्सी और ट्यूब के सहारे किनारे पर ले जाए लेकिन ज्यादा घबराए अर्श ने कोच को जोर से पकड़ लिया। हालांकि कोच ने किनारे पर लाने का प्रयास किया लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों ही पानी में बह गए। सूचना के बाद थाना सादिक पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश का काम शुरू करवाया।
फोटो 02एफआरडीपी01
फरीदकोट के गांव दीप सिंह वाला में युवक व कोच के नहर में डूबने की घटना के बाद जुटे ग्रामीण।
फोटो 02एफआरडीपी02
फरीदकोट के गांव दीप सिंह वाला में युवक और कोच के नहर में डूबने की घटना के बाद पहुंचे पारिवारिक सदस्य।