जेल में बेटे से मुलाकात करने पहुंची महिला नशीले पदार्थ समेत काबू
प्लास्टिक के लिफाफे में नशीला पाउडर छिपाकर रखा था मुंह में
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। सेंट्रल जेल में नशीले पदार्थ और मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जेल में बंद बेटे से मुलाकात करने पहुंची एक महिला को जेल अधिकारियों ने नशीले पदार्थ के साथ काबू किया है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला प्लास्टिक के छोटे लिफाफे में नशीला पाउडर मुंह में छिपाकर जेल में बेटे को देने गई थी, जो तलाशी के दौरान पकड़ी गई। जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने मंगलवार को हवालाती की मां के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक हवालाती सुनील सिंह वासी गांव मौजम सेंट्रल जेल में बंद है। फाजिल्का से सुनील की मां शीला रानी उससे मिलने के लिए फिरोजपुर सेंट्रल जेल पहुंची थी। सुनील नशे का आदी है। शीला रानी प्लास्टिक के एक छोटे लिफाफे में नशीला पाउडर डालकर लाई थी, जिसे उसने अपने मुंह में छिपाकर रखा था। महिला की ने उसकी तलाशी ली तो मुंह में छिपाए लिफाफे में नशीला पाउडर बरामद हुआ। जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने शीला रानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले की तफ्तीश थाना सिटी के एएसआई कुलदीप सिंह कर रहे हैं।