गोली लगने से घायल एक को अस्पताल में भर्ती किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। सीआईए स्टाफ ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर शहर के बड़े शराब कारोबारी से फोन पर रंगदारी मांगने व फरीदकोट और कोटकपूरा में शराब ठेकों को जलाने की कोशिश करने के मामले में मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक कोटकपूरा निवासी आकाशदीप के पांव में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल किया गया है।
एसएसपी हरजीत सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले फरीदकोट व कोटकपूरा में शराब ठेकों को जलाने की कोशिश की गई थी, इस संबंध में दो केस दर्ज किए हैं। इनमें पहले ही 5 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने तीन और आरोपियों की शिनाख्त की थी। अब सीआईए स्टाफ व थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कोटकपूरा में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर दो और आरोपियों को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। उन्होंने बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान इन आरोपियों ने पुलिस पर मोटरसाइकिल चढ़ाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने इन्हें काबू कर लिया। इनमें से घायल आकाशदीप के पांव में गोली लगी थी, जिसे अस्पताल दाखिल करवाया गया है।
फरीदकोट मेडिकल अस्पताल लाया गया गैंगस्टर सुखप्रीत बुढ्ढा
बठिंडा जेल में बंद बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर सुखप्रीत बुढ्ढा को बुधवार इलाज के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया। एसएसपी हरजीत सिंह के अनुसार आंख की समस्या के चलते बठिंडा जेल प्रशासन की ओर से आरोपी को फरीदकोट लाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार ही अगली कार्यवाही होगी कि उसे दाखिल किया जाता है या फिर उपचार के लिए वापस भेज दिया जाता है। पुलिस ने अस्पताल में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं।