ट्रैवल एजेंट ने लिए थे 24 लाख, पुश्तैनी घर बेचकर और जमा पूंजी खर्च कर किया था भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। पुलिस होमगार्ड के बेटे को विदेश भेजकर उसके साथ ठगी होने का पता चलते ही युवक के पिता की सदमे से मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से ठगी करने वाले ट्रैवल एजेंट पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना रोड़ पर बने पुलिस क्वार्टरों में रहने वाले मेजर सिंह होमगार्ड की बेटी रमनदीप कौर ने बताया कि उसके भाई गगनदीप सिंह को उसके पिता ने अपना पुश्तैनी घर बेचकर और अपने पास जमा पूंजी का सारा पैसा लगाकर कुछ माह पहले इंग्लैंड भेजा था। रमनदीप कौर ने बताया कि अरनीवाला के एक ट्रैवल एजेंट के मार्फत उसके भाई को यूके भेजने के लिए इमीग्रेशन से फाइल एप्लाई करवाई और कंपनी ने उनसे करीब साढ़े 24 लाख रुपये लिए थे। रमनदीप कौर ने बताया कि उसका भाई उन्हें फोन कर बता रहा था कि वह काफी परेशान है, क्योंकि उसे वहां पर काम नहीं मिल रहा और वहां के अधिकारी उससे टैक्स जमा करवाने को लेकर परेशान कर रहे हैं, क्योंकि उसे सही तरीके से विदेश भेजने के बजाय गलत तरीके से भेजा है। इस बात को लेकर उसके पिता काफी समय से डिप्रेशन में रह रहे थे, बुधवार सुबह इसी सदमे के चलते उनकी मौत हो गई।
रमनदीप ने बताया कि ट्रैवल एजेंट द्वारा की गई धोखाधड़ी की शिकायत भी उन्होंने 26 दिसंबर को पुलिस को दी थी, लेकिन अभी तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनकी मांग है कि उनसे धोखा करने वाले ट्रेवल एजेंट पर कार्रवाई कर उनका पैसा वापस दिलाया जाए और उसके भाई को इंसाफ दिलाया जाए।
फोटो : मेजर सिंह