संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राहगीरों से छीना झपटी करने वाले गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है, इनके पास से पुलिस ने लोगों से छीने हुए 19 मोबाइल बरामद किए हैं। थाना कैंट पुलिस ने सोमवार को उक्त गिरोह के तीन शातिरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी (डी) रणधीर कुमार के मुताबिक थाना कैंट पुलिस टीम गश्त कर रही थी। टीम चुंगी नंबर -7 पर पहुंची थी कि मुखबिर ने इत्तलाह दी कि क्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल छीनने वाला गिरोह सक्रिय है। इस समय लोगों से छीने गए मोबाइल बेचने के लिए फिरोजपुर कैंट की तरफ श्मशान घाट रोड से आ रहे हैं। पुलिस ने बताई हुई जगह श्मशान घाट रोड पर दबिश देकर आरोपियों को काबू कर लिया। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से लोगों से छीने हुए 19 मोबाइल बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जतिन, गौतम व शिवा वासी इंदिरा कालोनी के रूप में हुई है। थाना कैंट पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।