गांव जोड़की अंधे वाला स्थित पशु अस्पताल के ताले तोड़कर आरोपी सामान चुराकर ले गए। साथ ही आरोपियों ने अस्पताल के रिकॉर्ड को भी आग लगाकर नष्ट कर दिया। थाना अरनीवाला पुलिस ने मंगलवार को अस्पताल के इंचार्ज डा. मनदीप कुमार के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
डॉ. मनदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि शनिवार तीन बजे वह अस्पताल को बंद करके घर चले गए थे। सोमवार को उनके अस्पताल के स्टाफ मेंबर गुरतेज सिंह ने फोन कर बताया कि अस्पताल के ताले टूटे हुए हैं और सामान गायब है। मौके पर पहुंचकर देखा कि अस्पताल के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। आरोपी अस्पताल से एक डबल डोर फ्रिज, एक 10 लीटर का एएल कंटेनर, एएल कंटेनर 1,1/2 लीटर, दो टेकिंग मशीनें, एक कास्टेटर मशीन, 2000 सिरिंज, करीब 2500 नीडल और एक पानी वाला कैंपर चुराकर ले गए हैं। इसके अलावा आरोपी जाते समय रिकॉर्ड में भी आग लगा गए। डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में सीसीटीवी भी नहीं लगे हैं। एएसआई बूटा सिंह के मुताबिक डॉ. मनदीप कुमार के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।