सीमांत गांव हबीबके स्थित सतलुज दरिया के बांध पर दो बदमाश गोली दागकर पशु व्यापारी से एक लाख 20 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। व्यापारी को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां से उसे गंभीर हालत में फरीदकोट के मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थाना सदर पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित व्यापारी के बयान पर दो बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पीड़ित सारज वासी गांव कमाल वाला खुर्द (बस्ती चंदे वाली) थाना मल्लांवाला, जिला फिरोजपुर ने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। उसने कहा कि उनके पास एक पशु है, खरीदना है तो दरिया के बांध गांव हबीबके में आ जाओ। सारज अपने दोस्त राज कुमार वासी दौलत पुरा के साथ बाइक से बांध पर पहुंच गया। वहां पर बाइक पर सवार दो बदमाश आए जो सारज से गाली-गलौच करने लगे। बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उनपर गोली दाग दी। गोली उनके बाएं पैर में लगी।
आरोपियों ने राज कुमार को भी बुरी तरह पीटकर जख्मी कर दिया। आरोपी उनसे एक लाख 20 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए। आरोपी जाते समय उनका मोबाइल भी अपने साथ ले गए। एएसआई सतपाल के मुताबिक पीड़ित सारज के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है। फिलहाल पीड़ितों का फरीदकोट के मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा है।