कपूरथला। आईके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आईकेजी-पीटीयू) में सोमवार को दो विशेष राष्ट्रस्तरीय प्रोग्राम शुरू किए गए। पहला प्रोग्राम सॉफ्ट स्किल्स एजुकेशन विषय पर यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर प्रीपरेशन ऑफ कांपिटेटिव एग्जामिनेशन एंड सॉफ्ट स्किल्स (सीपीसीईएसएस) की तरफ से आयोजित किया गया। दूसरा प्रोग्राम यूनिवर्सिटी के नॉलेज रिसोर्स सेंटर (केआरसी) की तरफ से लेटेस्ट टेक्नोलॉजी एंड ट्रेंड्स इन लाइब्रेरीज विषय पर आयोजित किया गया।
रजिस्ट्रार डॉ. एसके मिश्रा ने कहा कि कम्यूनिकेशन स्किल्स, सॉफ्ट स्किल्स तथा ओवरऑल पर्सनेलिटी डेवलेपमेंट तरक्की का आधार है। उन्होंने लाइब्रेरी विषय में न्यू ट्रेंड्स पर कहा कि हर विषय में अपडेट रहने के लिए जरूरी है कि ऐसे फैकल्टी डेवलेपमेंट प्रोग्राम आयोजित किए जाएं। नव ज्ञान से भरपूर शिक्षक की विद्यार्थियों का सही मार्गदर्शन कर सकता है।
दोनों प्रोग्रामों शुभारंभ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. एसके मिश्रा ने अथिति मंडल में शामिल होकर किया। यूनिवर्सिटी के डीन अकादमिक प्रो (डॉ.) विकास चावला व डीन आरआईसी डॉ. आशीष अरोड़ा ने मेजबान मंडल का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान यूनिवर्सिटी के कुलपति राहुल भंडारी की तरफ से भेजा गया संदेश भी पढ़ा गया। इसमें लिखा था कि दोनों विषय बेहतर भविष्य के लिए जरूरी हैं।
एफडीपी अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की ओर से प्रायोजित रहा। सॉफ्ट स्किल्स वर्कशॉप के पहले दिन पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला से प्रो. डॉ. नैना शर्मा रिसोर्स पर्सन के तौर पर शामिल हुईं। उन्होंने 50 प्रतिभागियों को सॉफ्ट स्पोकन वर्ड्स व उनका प्रभाव बताया। लाइब्रेरी साइंस एफडीपी को गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) अमृतसर के रिटायर्ड प्रो डॉ. एमपी सतीजा ने बतौर रिसोर्स पर्सन संबोधित किया। डीन अकादमिक प्रो. डॉ. विकास चावला ने सॉफ्ट स्किल्स प्रोग्राम के आयोजन के लिए लैंग्वेज डिपार्टमेंट के डिप्टी डीन डॉ. रणबीर सिंह, फैकल्टी डॉ. प्रियंका महाजन, डॉ. सरबजीत मान को बधाई दी। इस मौके पर मधु मिड्डा, डॉ. गगनदीप कौर, डॉ. दीपिका भल्ला और डॉ. राजप्रीत कौर आदि मौजूद रहे।