पठानकोट। दूसरे राज्यों से आए युवकों पर लव जिहाद का आरोप लगाकर पठानकोट समिति मार्केट में कई संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही थाने में शिकायत भी दर्ज कराई।
व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया कि एक समुदाय विशेष के युवक भोली-भाली लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर लव जिहाद का शिकार बना रहे हैं। समिति मार्केट के प्रधान जतिन्द्र जीतू, पठानकोट व्यापार मंडल के प्रधान अनिल महाजन व संगठनों के लोगों ने पुलिस थाना डिविजन नंबर एक में शिकायत दी।
जीतू ने बताया कि बीती रात लगभग साढ़े दस बजे के करीब वह शादी समारोह से अपनी मार्केट से होते हुए घर लौट रहे थे। मार्केट की एक दुकान का शटर उन्होंने खुला हुआ देखा। चोरी की आशंका के चलते वहां गए तो आपत्तिजनक अवस्था में एक लड़की और दुकानदार वहां से भाग निकला।
उन्होंने कहा कि उक्त युवक ने यह दुकान किराए पर ली है, वह दूसरे राज्य से आए समुदाय विशेष से है। उसी की तरह कुछ अन्य युवक भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पठानकोट जैसे शांतिप्रिय शहर में भी इस कृत्य ने पैर जमाने शुरू कर दिए हैं।
इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंनेपुलिस से मामले की जांच करने और उक्त युवक को शहर से बाहर करने की मांग की। इस दौरान नरेन्द्र महाजन, नितिन महाजन, सहित अन्य दुकानदार भी मौजूद थे। वहीं, एसएचओ मनजीत कौर ने कहा कि इस संबंध में उन्हें शिकायत मिली है तथा जांच पड़ताल के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।