नारकोटिक्स कंट्रोल सेल ने सीमांत गांव गट्टी राजोके के रहने वाले एक तस्कर को गांव मधरे के पास 620 ग्राम हेरोइन समेत दबोचा है। उक्त तस्कर के पाकिस्तानी तस्करों से गहरे संबंध हैं। उसने पहले भी पाक से कई बार हेरोइन की खेप मंगवाकर आगे सप्लाई की है। उक्त हेरोइन भी फिरोजपुर में सप्लाई करने जा रहा था। उधर, थाना सदर पुलिस ने बुधवार को उक्त तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक नारकोटिक्स कंट्रोल सेल के एएसआई अंग्रेज सिंह पुलिस पार्टी के साथ सीमांत गांव मधरे के नजदीक गश्त कर रहे थे। मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी हेरोइन बेचने का धंधा करता है, उसके पाक तस्करों से अच्छे संबंध हैं। कई बार पाक से हेरोइन मंगवाकर आगे सप्लाई कर चुका है। कुछ दिन पहले भी पाक से हेरोइन की खेप मंगवाई थी, जो इस समय अपने गांव गट्टी राजोके से फिरोजपुर बाइक पर जा रहा है। उसके पास हेरोइन की खेप है, जो फिरोजपुर सप्लाई करेगा। नारकोटिक्स कंट्रोल सेल के मुलाजिमों ने गांव मधरे के पास नाकाबंदी कर ली और जैसे ही बाइक से आरोपी वहां से गुजरा उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 620 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जो पाकिस्तान से मंगवाई गई थी। पकड़े गए आरोपी की पहचान जगदीश सिंह उर्फ काला पुत्र महिंदर सिंह वासी गट्टी राजोके (उक्त गांव भारत-पाक सीमा से सटा है) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसमें उक्त आरोपी से हेरोइन संबंधी और जानकारी मिलने की संभावना है।
उधर, पुलिस पूछताछ के दौरान तस्कर जगदीश सिंह ने बताया कि पाक तस्करों से हेरोइन की खेप मंगवाई थी। पाक तस्कर बीएसएफ की बीओपी उल्लूके के पास फेंसिंग के गेट नंबर-188 के नजदीक पड़ते खेत में छिपाकर गए थे। वहीं से उक्त हेरोइन बरामद की है। इसके पहले भी हेरोइन की कई खेप पाक तस्करों से मंगवा चुका है।