प्रधानमंत्री की सुरक्षा हेतु डायवर्ट किए गए रूट प्लान
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर जो रूट प्लान तैयार किया गया है, उसमें भारी वाहनों के रूट को डायवर्ट किया गया है। लुधियाना फिल्लौर की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को फिल्लौर से नूरमहल नकोदर रोड पर निकाला गया है। इसके अलावा चंडीगढ़ की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को फगवाड़ा से नकोदर-जालंधर रास्ते पर निकाला गया है।
अमृतसर की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को सुभानपुर से कपूरथला जालंधर की तरफ व पठानकोट की तरफ से आने वाले वाहनों को टांडा उड़मुड़ से होशियारपुर से फगवाड़ा से जंडियाला नकोदर-जालंधर की तरफ डायवर्ट किया गया है। दूसरा डायवर्जन किशनगढ़ से करतारपुर से रेलवे क्रॉसिंग मकसूदां की तरफ दिया गया है।
एयरपोर्ट, पीएपी कैंपस व रैली स्थल पर रहेंगी 11 मेडिकल टीमें तैनात
पीएम के इस दौरे की गंभीरता इस बात से आंकी जा सकती है कि सरकारी, प्राइवेट व सेना के अस्पताल को तैयार करने के अलावा सरकारी व प्राइवेट हाईटेक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। आदमपुर एयरपोर्ट, पीएपी कैंपस व रैली स्थल पर कुल 11 मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी। छह टीमें एडवांस लाइफ सपोर्ट उपकरणों व एंबुलेंस के साथ होंगी। इसके अलावा दो टीमें रैली स्थल पर तैनात होंगी। इस टीम में हड्डी रोग विशेषज्ञ, मेडिकल स्पेशलिस्ट व एनस्थीसिया के छह-छह व तीन पैथोलाजिस्ट के अलावा सिविल अस्पताल व जिले के स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टर शामिल हैं। एक टीम आदमपुर एयरपोर्ट पर तैनात रहेगी।
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एयरफोर्स अस्पताल आदमपुर, सेना का अस्पताल जालंधर छावनी तथा जौहल मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल में विभाग की ओर से व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए तैनात की जाने वाली टीमों के साथ ए पॉजिटिव ब्लड के छह यूनिट तैयार कर लिए है।