जालंधर। जालंधर में शुक्रवार देर रात दो लग्जरी गाडियां आग से जलकर खाक हो गयी। पहली घटना जालंधर अमृतसर हाईवे पर विधिपुर के पास घटी। यहां रेंज रोवर हाईवे के बीचो बीच आग का गोला बन गई। धुंआ उठते देखकर कार सवार तुरंत उतरे और जान बचाई।
गोराया निवासी जतिंदर सिंह जालंधर के विधिपुर में रेंज रोवर गाड़ी बेचने आए थे। खरीददार टेस्ट ड्राइव के लिए जतिंदर के साथ निकले पर चलती कार में आग लग गई। इस कार में रॉबिन, जतिन, रिशु और करमवीर थे। आग लगते ही चारों निकलकर भाग खड़े हुए। एक अन्य मामले में जालंधर सिटी के बीच में मिशन चौक पर रात को दो बजे के करीब मर्सिडीज कार पलट गयी।
जिससे उसमें आग लग गयी। कार सवार को किसी तरह से वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बचाया और अस्पताल पहुंचाया। आग से कार काफी ज्यादा जल गई थी। इस मौके पर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची पर उस वक्त तक आग से कार खाक हो चुकी थी।