टांडा (रामपुर)। धर्मांतरण के चर्चित प्रकरण में गुजरात पुलिस ने शनिवार की देर रात रामपुर के टांडा कस्बे के राहुुपुरा मोहल्ला में छापा मारकर एक युवक को अपने साथ ले गई। पुलिस के अनुसार जबरन व लालच देकर धर्मांतरण कराने के मामले में एक मुकदमा गुजरात के वडोदरा में भी दर्ज है। गुजरात पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की है। गुजरात पुलिस जिस युवक को अपने साथ ले गई है उससे यूपी एटीएस ने जून माह में कई दिनों से पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद एटीएस ने उसको छोड़ दिया था।
पुलिस के अनुसार गुजरात के वडोदरा में दर्ज धर्मांतरण के मामले में उमर गौतम और अन्य पर कथित रूप से लोगों के अवैध धर्मांतरण के लिए एक संस्था को आर्थिक सहायता मुहैया कराने के साथ ही सीएए-एनआरसी विरोधी प्रदर्शनकारियों और दिल्ली में एक सांप्रदायिक दंगों के आरोप में गिरफ्तार लोगों को कानूनी मदद देने का आरोप है। इस मामले की जांच के लिए वडोदरा पुलिस ने पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस मामले की जांच के दौरान टांडा के राहुपुरा निवासी युवक का नाम प्रकाश में आया है। वडोदरा पुलिस की एक टीम इस मामले की जांच के लिए शनिवार की रात टांडा पहुंची। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर वडोदरा पुलिस ने राहुपुरा मोहल्ले में छापा मारकर एक युवक को हिरासत में ले लिया। थाने में पूछताछ के बाद वडोदरा पुलिस युवक को अपने साथ ले गई है। पुलिस का कहना है कि जिस युवक को गुजरात पुलिस अपने साथ ले गई है, उसके खिलाफ वडोदरा में दर्ज धर्मांतरण के मुकदमे के कनेक्शन सामने आए हैं।