नूरमहल स्थित डेरा दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के खिलाफ बयानबाजी करने वाले पूर्ण सिंह के खिलाफ डेरे के प्रबंधकों ने अब वहां के राजनीतिज्ञों को मैदान में उतार दिया है।
रविवार को नूरमहल नगर काउंसिल के चार बार प्रधान रहे तीर्थ राम संधू मैदान में उतर आए और कहा कि पूर्ण सिंह झूठ बोल रहा है और गलत बयानबाजी कर रहा है।
प्रेस नोट जारी कर तीर्थ राम संधू ने कहा कि महाराज आशुतोष गहन समाधि में लीन है और अटूट विश्वास है कि वह लौटकर आएंगे। तीर्थ राम संधू ने कहा कि वह 1983 से महाराज आशुतोष पर विश्वास रखते हैं और उनका परिवार सहित डेरे पर आना जाना रहता है।
इस दौरान उन्होंने कभी पूर्ण सिंह को चालक के रूप में नहीं देखा। महाराज आशुतोष जी ने जो कहा वह कहकर दिखाया है, वह पूर्ण गुरु हैं। जो धार्मिक ग्रंथों के आधार पर ब्रह्मज्ञान प्रदान करते हैं। उनकी क्षमता पर प्रश्न चिन्ह लगाना बहुत बड़ी भूल होगी।
हाईकोर्ट जाऊंगा : पूर्ण सिंह
महाराज आशुतोष का चालक होने का दावा करने वाले पूर्ण सिंह का कहना है कि उन्हें नशेड़ी कहना एक गहरी साजिश का हिस्सा है। नूरमहल के कुछ लोगों ने उन पर नशेड़ी होने का आरोप लगाया है, वह इसको साबित करके दिखाएं। उनके टेस्ट करवाए जाएं, अगर झूठ निकले तो आरोप लगाने वालों को सजा मिले। पूर्ण सिंह ने कहा कि जिन लोगों ने उस पर नशेड़ी होने का आरोप लगाया है, वह उनके खिलाफ मानहानि का दावा करने जा रहे हैं।