बस्ती बावा खेल रोड स्थित नील कमल फैक्टरी के बाहर मजदूरों ने अपने साथी कर्मचारी के शव को रखकर धरना दे दिया। मजदूरों ने बावा खेल नहर की पुली से 120 फुटी रोड वाली सड़क पर ट्रैफिक भी जाम कर दिया।
थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस के एएसआई गुरसेवक सिंह ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों को समझाया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि उनके साथी मजदूर की मौत फैक्टरी में हुए हादसे और मालिकों की उसके इलाज में की गई लापरवाही की वजह से हुई है। उन्होंने मांग की है कि मृतक के परिवार को मुआवजे के साथ-साथ मालिकों को कड़ी सजा दी जाए।
सोमवार को फैक्टरी में काम करते हुए राजेंद्र ठाकुर की गिरने से मौत हो गई थी। मृतक के बेटे राहुल ने आरोप लगाया कि मालिकों ने उसके पिता को समयानुसार सही इलाज करवाने में कोताही की है, जिससे कि उसकी मौत हो गई।
उधर फैक्टरी मालिक मानव पुरी का कहना है कि उन्होंने कोई कोताही नहीं बरती और वह मजदूर के दाह संस्कार पर भी सारा खर्चा करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस चाहे तो मजदूर के शव का पोस्टमार्टम करवा ले सारी सच्चाई रिपोर्ट में सामने आ जाएगी।