जालंधर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने जालंधर दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हए कहा कि वह सबके प्रधानमंत्री हैं और आदरणीय हैं लेकिन यह ठीक नहीं है कि वह वोट हासिल करने के लिए झूठ बोलें। प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि वह श्री देवी तालाब मंदिर में आना चाहते थे लेकिन पुलिस प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए। इसके लिए निर्वाचन आयोग की भी बड़ी जिम्मेदारी है। यह किसी भी रूप में संभव नहीं है कि निर्वाचन आयोग या प्रशासन उन्हें सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर न जाने दे।
चुनाव अधिकारी निष्पक्ष काम नहीं कर रहे हैं और पूरी तरह से केंद्र सरकार के दबाव में हैं, ऐसे में सिर्फ झूठ बोल कर मुद्दा बनाना ठीक नहीं है। सीएम बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील है कि वह गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं का पालन करें और देश को बांटने का प्रयास न करें। गुटबाजी पर बघेल ने कहा कि कांग्रेस में मतभेद हो सकते हैं लेकिन मनभेद नहीं है। कांग्रेस में आंतरिक प्रजातंत्र है जबकि भाजपा में लोकतंत्र नहीं है। गुजरात और उत्तराखंड में तीन बार मुख्यमंत्री बदले गए हैं जबकि जिस नेता को विधायक चाहते थे, उसे दरकिनार किया गया।
बघेल ने कहा कि इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन पर आज भी लोग विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए अगर चुनाव में मतदान मतपत्रों के जरिये हो तो कुछ गलत नहीं है, जनता भी यही चाहती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे देश जहां हाई टेक्नोलॉजी मौजूद है वहां पर भी इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन पर विश्वास नहीं किया जा रहा है और मतपत्रों से चुनाव हो रहे हैं।