ज्योति की फाइल फोटो, सीसीटीवी तस्वीर में भागता आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
अपने परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज करने वाली मोगा निवासी ज्योति को उसके पति ने दिन दहाड़े मौत के घाट उतार दिया। शराब की लत के कारण ज्योति बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थी।
यही बात उसके पति संजय कुमार को पसंद नहीं आई। शुक्रवार सुबह हुई वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी सिटी परमजीत सिंह ने बताया कि ज्योति निवासी बेदी नगर ने करीब दस साल पहले यूपी निवासी संजय कुमार संजू के साथ परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। शादी के बाद दोनों पति पत्नी किराए के मकान पर रहने लगे। इस दौरान उनके एक बेटा और बेटी हुए। इसी बीच संजय कुमार द्वारा शराब पीने की लत से दोनों के बीच झगड़ा होने लगा।
करीब पांच माह पहले ज्योति अपने पति के साथ झगड़ा कर दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई। बेदी नगर की गली नंबर तीन में ज्योति का मायका था और गली नंबर पांच में संजय किराए पर रहता था। ज्योति घर नहीं लौट रही थी, इसी बात से खफा संजय ने उसे मारने की योजना बना ली।
शुक्रवार सुबह जब ज्योति अपने दोनों बच्चों को सरकारी स्कूल में छोड़कर घर लौट रही थी तो रास्ते में गुरुद्वारा साहिब के पास संजय ने उसे घेर लिया और चाकू से उसके गले पर प्रहार करना शुरू कर दिया। आरोपी तब तक ज्योति पर वार करता रहा, जब तक उसकी सांसें बंद नहीं हो गई।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जांच अधिकारी के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सिटी में उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी के मुताबिक आरोपी कैंटर चलाने का काम करता है।