संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। थाना निहाल सिंह वाला की पुलिस ने गांव दौधर गरबी में 15 मई को हुई हत्या के मामले में बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए आरोपी अर्शप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हुआ 45 बोर का लाइसेंसी पिस्तौल, 4 कारतूस और एंडेवर गाड़ी भी बरामद की है।
डीएसपी निहाल सिंह वाला अनवर अली ने मीडिया को बताया कि 15 मई की शाम को गांव दौधर गरबी में इंद्रपाल सिंह नामक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि इंद्रपाल सिंह साल 2010 में गांव के पूर्व सरपंच रछपाल सिंह की हत्या मामले में नामजद था तथा चार साल जेल में भी रहा। साल 2015 में पूर्व सरपंच रछपाल सिंह की हत्या मामले में अदालत ने अन्य चार आरोपियों को सजा सुनाई थी, जबकि इंद्रपाल सिंह को बरी कर दिया गया था। इसी रंजिश के चलते, रछपाल सिंह का दोहता अर्शप्रीत सिंह ने अपने ननिहाल गांव आकर 15 मई की शाम को इंद्रपाल सिंह पर एंडेवर गाड़ी से उतरते ही तीन गोलियां चलाईं, जिनमें एक गोली सिर पर लगने से इंद्रपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया उसे मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की जांच करते हुए 16 मई को मृतक के पिता हरविंदर सिंह के बयान के आधार पर थाना निहाल सिंह वाला में हत्या व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज करके पुलिस ने आरोपी अर्शप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हुआ 45 बोर का लाइसेंसी पिस्तौल, 4 कारतूस और एंडेवर गाड़ी भी बरामद की है आरोपी के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फोटो... पुलिस की हिरासत में आरोपी अर्शप्रीत सिंह।