मृतका कुलविंदर कौर की फाइल फोटो।
- फोटो : KAPURTHALA
कपूरथला। सुल्तानपुर लोधी में एक घर से 80 वर्षीय एक विधवा बुजुर्ग महिला का शव मिला है। उक्त मामले में महिला के बड़े बेटे ने अपने छोटे भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या का शक जाहिर किया। इसके बाद पुलिस ने छोटे बेटे को राउंडअप कर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव गृह में रखवा दिया है और आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। इसकी पुष्टि करते हुए एसपी डी जगजीत सिंह सरोआ ने बताया कि यह ब्लाइंड मर्डर का मामला कुछ ही घंटों में पुलिस ने सुलझा लिया है।
मिली जानकारी अनुसार कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी तहसील के मोहल्ला ज्वाला सिंह नगर में बुजुर्ग विधवा महिला कुलविंदर कौर अपने बेटे दलबीर सिंह के साथ रहती थी उसका बेटा दलबीर सिंह लगभग 3 साल पहले इंग्लैंड से आया था। वीरवार सुबह उसी घर में रहने वाली किराएदार सोनिया को जब घर से बदबू आई, उसने ऊपर जाकर कमरे में देखा तो बुजुर्ग महिला कुलविंदर कौर का शव पड़ा था। किराएदार सोनिया ने तुरंत संबंधित थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसपी डी जगजीत सिंह सरोआ ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान महिला के बड़े बेटे दविंदर सिंह निवासी गांव बूस्सोवाल अपने छोटे भाई दलबीर सिंह पर शक जाहिर किया।
एसपी जगजीत सिंह ने बताया कि महिला के बेटे दलबीर सिंह को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह अपनी मां से पैसे की मांग कर रहा था। मां ने पैसे नहीं दिए तो इसी कारण उसने 1 सप्ताह पहले उसके सिर पर लाठी से वार कर हत्या कर दी। उसने इस घटना की खबर किसी को नहीं लगने दी। घर में रहने वाले किराएदार परिवार कई दिनों से अपने किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे और घर में कोई भी नहीं था। एसपी जगजीत सिंह ने यह भी बताया कि यह हत्या का मामला पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है और आरोपी दलबीर सिंह को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।