फर्जी कागजात दिखाकर अदालत से सुरक्षा भी ली, शादी करवाने वाला ग्रंथी भी नामजद संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। एक युवक ने ने नाबालिग लड़की के फर्जी कागजात बनवाकर न सिर्फ उससे शादी की, बल्कि गुरुद्वारा साहिब का फर्जी सर्टिफिकेट
बनवाकर अदालत से सुरक्षा भी हासिल कर ली। जिसके चलते लड़की के पिता की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने युवक और शादी करवा कर गुरुद्वारा साहिब का फर्जी सर्टिफिकेट बनवाने वाले ग्रंथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में व्यक्ति ने 8 अगस्त 2023 को एसएसपी को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को उनके मोहल्ले का निवासी आकाश कुमार स्कूल आते-जाते समय तंग करता था। उसे समझाए जाने के बाद उसके परिवार ने आकर उसके लिए लड़की का रिश्ता भी मांगा। लेकिन नाबालिग होने के कारण उन्होंने बेटी की शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद आकाश कुमार ने बेटी को बहका-फुसलाकर शादी का झांसा दिया और 4 अगस्त को बेटी आकाश कुमार के बहकावे में आकर घर से साढ़े पांच तोले के सोने के गहने, 8 तोले चांदी के गहने और 70 हजार रुपये नकदी लेकर घर से चली गई। इस संबंध में तलाश करने पर पता चला कि लड़की आकाश कुमार के साथ गई है और उसने लड़की की जन्म तारीख 28 जुलाई 2007 से बदल कर 28 जुलाई 2005 करके शादी करवा ली है। जिसके चलते जब वे शादी का सर्टिफिकेट जारी करने के संबंध में संबंधित गुरुद्वारा साहिब में गए तो पता चला कि उनकी बेटी की शादी वहां दर्ज नहीं है और न ही उन्होंने शादी करवाई है। इसके बाद पता चला कि यह शादी ग्रंथी भूपिंदर सिंह ने किसी अन्य गुरुद्वारा साहिब में करवाकर रेलवे फाटक के नजदीक बने गुरुद्वारा साहिब का फर्जी सर्टिफिकेट बनाकर पेश किया है। इसके अतिरिक्त उसने बेटी को खतरा होने की आशंका भी जताई, जिसके पश्चात एसएसपी ने जांच के आदेश दिए गए थे। स्थानीय थाना सिटी पुलिस ने आरोप सही पाए जाने पर आकाश कुमार और ग्रंथी भूपिंदर सिंह वासी माई गोदड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।