जालंधर से काला संघिया अपने घर जा रहे अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी रंजीत सिंह जीता मोड़ की बीएमडब्ल्यू मॉडल हाउस में सोमवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। बाइक सवार को बचाते हुए कार बिजली के खंभे से जा टकराई। गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से वह बाल-बाल बच गए, लेकिन मॉडल हाउस के लोगों को सारी रात परेशानी में गुजारनी पड़ी क्योंकि एरिया की बिजली गुल हो गई थी। वही इससे रास्ता ब्लॉक हो गया और जाम लग गया। पोल टूटने के कारण बिजली की तारें और केबल सब कुछ टूट गया।
गाड़ी को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी रणजीत सिंह जीता मोड़ खुद चला रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस को जीता मोड़ ने अपने बयान में कहा कि वह रविदास चौक की तरफ से अपने घर काला संघिया जा रहे थे। जैसे ही मॉडल हाउस में घास मंडी के पास पहुंचे तो अचानक एक बाइक सवार उनके आगे आ गया, जिसको बचाते-बचाते उनकी गाड़ी सड़क पर लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। उन्होंने कहा कि गाड़ी की स्पीड ज्यादा नहीं थी। घटना के बाद मोटर साइकिल चालक वहां से फरार हो गया। कबड्डी खिलाड़ी के बयान के मुताबिक गाड़ी की स्पीड कम थी लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि एयर बैग तक खुल गए और बिजली का पोल टूट गया। कबड्डी खिलाड़ी ने तर्क दिया कि 30 की स्पीड से होने पर टक्कर हो जाने पर भी गाड़ी के एयरबैग खुल जाते हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे का पूरा घटनाक्रम पता चल सके और घटनास्थल से भागे मोटरसाइकिल चालक की पहचान कर सके।