पंजाब के होशियारपुर में प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका से कथित तौर पर अश्लील हरकतें की गईं। मामले में जिला परिषद होशियारपुर के जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार एक गांव में जिला परिषद के अधीन सरकारी प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका ने मेहटियाना पुलिस से शिकायत की है। अपनी शिकायत में उसने कहा कि डीईओ (जिला परिषद) परमजीत सिंह 3 अक्तूबर को निरीक्षण के लिए उनके स्कूल आए थे। आरोप है कि दोपहर करीब सवा एक बजे वह छात्रों को पढ़ा रही थी तो आरोपी ने उससे अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
विरोध करने पर वह आग बबूला हो गए और शारीरिक संबंध बनाने की धमकी दी। उसने कथित तौर पर यह भी धमकी दी कि अगर उसने ऐसा न किया तो वह उसे दूर स्थानांतरित कर देगा या उसका निलंबन हो जाएगा। उसने विरोध किया और कहा कि अगर वह नहीं गए तो शोर मचा देगी।
इस पर डीईओ कथित तौर पर उसे धमकाते हुए चले गए कि या तो गवर्नमेंट कालेज के पास उसे मिले या फिर वह परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। शनिवार शाम को इस संबंध में मेहटियाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने डीईओ परमजीत सिंह के विरुद्ध धारा 354 और 506 में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।