शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता व जिला प्रधान गुरचरण सिंह चन्नी व अन्य नेताओं ने मांग की है कि लोगों की सुरक्षा करने में विफल रहने की जिम्मेदारी लेते हुए हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में जो लूटपाट हुई, वह 84 के दंगों से कम नहीं थी। इसमें हरियाणा सरकार की लापरवाही सामने आई है। पत्रकारवार्ता में जिला प्रधान गुरचरण सिंह चन्नी, प्रदेश एससी सेल के वाइस प्रधान सुभाष सोंधी, बीसी सेल के प्रधान अमरजीत सिंह किशनपुरा, महासचिव प्रिंस सन्नण ने कहा कि हरियाणा में दंगों का शिकार हुए जालंधर के आदमपुर के सतबीर सिंह ने दर्दनाक आंखों देखी बताई है।
उनके अनुसार आदमपुर के रहने वाले सतबीर सिंह का कहना है कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ दिल्ली एयरपोर्ट की ओर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में नेशनल हाईवे पर जाम लगा हुआ था, जिस कारण उनकी गाड़ी फंस गई।
वहां के लोगों ने बताया कि जाम कुछ समय के बाद खुद जाएगा। जाम खुलने के बाद पुलिस ने गाड़ियों का काफिला रवाना कर दिया। गाड़ियां सुखदेव ढाबे के पास पहुंची तो वहां पर शोच मच गया कि लोग हथियार लेकर आ रहे हैं।
गाड़ियों की सारी सवारियां वाहनों से उतरकर छोटे बच्चों के साथ भागने लगी। सतबीर ने बताया कि उसका मोबाइल गाड़ी में छूट गया था, उसकी मासी जो विदेश जाने वाली थी, उनका सारा सामान गाड़ी में था। वह अपना मोबाइल लेने के लिए वापस आया तो भीड़ गाड़ियों को लूटने में व्यस्त थी।