बुजुर्ग ने लाइसेंस-एटीएम लौटाने की गुहार लगाई तो बदमाश बोले- मूंगफली वाले के पास फेंकेंगे वहां से उठा लेना
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। महानगर के बस्ती दानिश मंदा एरिया में वीरवार तड़के मोटरसाइकिल पर आए तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर नकोदर माथा टेकने जा रहे बुजुर्ग व्यक्ति को लूट लिया। बुजुर्ग ने जब बदमाशों से अपना लाइसेंस और एटीएम कार्ड वाला पर्स मांगा तो लुटेरों ने उसे कहा कि कुछ दूरी पर एक मूंगफली वाला है, उसके बाहर फेंक देंगे उठा लेना, लेकिन वहां उसे पर्स नहीं मिला। बुजुर्ग विजय कुमार ने बताया कि वह सर्जिकल कॉम्प्लेक्स में काम करता है।
बीते दिन ही उन्हें वेतन मिला था, जिसे घर पर रखना भूल गए थे। सुबह दोस्त को बस्ती गुज्जां से साथ लेकर नकोदर जाना था तो उसके घर जा रहे थे। इस बीच उनके पीछे 3 बाइक सवार युवक बाबा बालक नाथ मंदिर से लग गए। राधा स्वामी सत्संग घर के पास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। उन्हें अंधेरे में ले जाकर तेजधार हथियार गले पर रख लूट लिया। एक युवक ने उनकी तलाशी ली। जेब से करीब 9 हजार रुपये, मोबाइल और गले में 1 तोले सोने की पहनी चेन लूट ली। विजय ने बताया कि उसने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की तो एक युवक उनके सिर पर तेजधार हथियार मारने लगा था। उन्होंने कई राहगीरों से मदद भी मांगी, लेकिन बदमाशों के हथियार देख कोई राहगीर मदद नहीं कर सका। वारदात के बाद करीब 15 मिनट तक बुजुर्ग गुमसुम रहा, वहां से गुजर रहे किसी राहगीर की मदद से उसने पुलिस को सूचित किया। थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी प्रदीप ठाकुर ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली है। आरोपी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।
रिवाल्वर दिखा ऑटो रोककर सवारियों से नकदी लूटी
बुजुर्ग व्यक्ति को लूटने के बाद हथियार लेकर आए तीन लुटेरे ऑटो में बैठी सवारियों को रोककर नकदी लूट ले गए। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ऑटो चालक राहुल निवासी मॉडल हाउस ने बताया कि लुटेरे तीन थे, जिनके पास तेज़धार हथियार और रिवाल्वर थी। वह देयोल नगर के नज़दीक सवारियों से भरे ऑटो को लेकर जा रहा था कि लुटेरों ने रिवाल्वर दिखाकर सवारियों से नकदी लूट ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। फिलहाल दोनों लूट की वारदातों में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।